
नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन, भुसावल मंडल की मंडल समिति बैठक नासिक में उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न
आज दिनांक 19.06.2026 को नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन, भुसावल मंडल की मंडल समिति की बैठक नासिक स्थित होटल कृष्णा में मंडल अध्यक्ष कामरेड इब्राहिम खान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में विशेष रूप से यूनियन के महामंत्री आदरणीय कामरेड वेणु पी. नायर जी उपस्थित रहे।
महामंत्री जी के नासिक आगमन पर यूनियन कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार आतिशबाजी एवं नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। सभा कक्ष में प्रवेश करने से पूर्व महिला कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी आरती उतारकर स्वागत किया गया। बैठक के प्रारंभ में महामंत्री जी ने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात नासिक रोड शाखा एवं भुसावल मंडल की विभिन्न शाखाओं द्वारा महामंत्री जी का पुष्पगुच्छ, शाल एवं फूलमालाओं से स्वागत किया गया। मंडल समिति की ओर से भी महामंत्री जी का सम्मान किया गया।
बैठक में दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। श्रद्धांजलि के पश्चात मंडल सचिव कामरेड बापू पाटिल द्वारा एजेंडा अनुसार कार्यवाही प्रारंभ की गई। बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त (Minutes) को अनुमोदित किया गया तथा मार्च 2026 से मई 2026 तक का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा पारित किया गया।
सभा में सभी शाखाओं द्वारा सदस्यता अभियान की प्रगति, यूनियन द्वारा किए गए कार्यों तथा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रस्तुत किया गया। मंडल अध्यक्ष कामरेड इब्राहिम खान ने शाखाओं द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विस्तृत उत्तर दिया तथा शाखा स्तर पर संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
महामंत्री आदरणीय कामरेड वेणु पी. नायर जी ने अपने विस्तृत संबोधन में कहा कि यूनियन पदाधिकारियों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक शाखा में नियमित रूप से मासिक कार्यकारिणी बैठकों का आयोजन किया जाए तथा अगली बैठक तक सदस्यता प्रतिशत 70% से अधिक करने का लक्ष्य प्राप्त किया जाए।
उन्होंने शाखाओं से कर्मचारियों के बीच लगातार जनसंपर्क अभियान चलाने, आंदोलनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करने तथा यूनियन द्वारा किए जा रहे कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। महामंत्री जी ने संगठन की मजबूती को कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।
बैठक के अंत में नासिक रोड ट्रैक्शन मोटर कारखाना की युवा कार्यकारिणी की घोषणा की गई तथा महामंत्री जी द्वारा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
अंत में मंडल अध्यक्ष कामरेड इब्राहिम खान ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा बैठक की समाप्ति की घोषणा की। बैठक अत्यंत उत्साहपूर्ण, अनुशासित एवं संगठनात्मक दृष्टि से सफल वातावरण में संपन्न हुई।
नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन जिंदाबाद














