
नेशनल रेलवे मजदूर यूनियन की कार्यशैली एवं आदरणीय महामंत्री कॉमरेड वेणु पी. नायर जी के प्रभावी नेतृत्व से प्रभावित होकर कुछ दिनों पूर्व अन्य संगठनों के कई साथियों ने यूनियन में प्रवेश किया था। इन साथियों का जाहीर प्रवेश एवं सत्कार समारोह दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को शाम 5:00 बजे कृष्ण चंद्र सभागृह, भुसावल में महामंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
समारोह से पूर्व कामगार भवन, भुसावल से भव्य जुलूस निकाला गया। लाल परिधानों में सैकड़ों कर्मचारी एवं कार्यकर्ता, हाथों में लाल झंडे, लाल सजावट से सुसज्जित वाहन और ढोल-ताशों की गूँज ने पूरे वातावरण को जोश से भर दिया। विशेष रूप से महिला कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने जुलूस की शोभा बढ़ाई। कृष्ण चंद्र सभागृह तक निकले इस जुलूस ने भुसावलवासियों का ध्यान आकर्षित किया और लोगों ने इसकी सराहना की।
सभागृह में कॉमरेड ए. के. तिवारी एवं उनके लगभग 30 साथियों का आदरणीय महामंत्री जी ने स्वागत एवं सत्कार किया। लाल रंग से सजे मंच और कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में 600 से अधिक कर्मचारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अपने संबोधन में महामंत्री कॉमरेड वेणु पी. नायर जी ने कर्मचारियों के जीवन में यूनियन की आवश्यकता एवं एकजुटता के महत्त्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रेलवे की वर्तमान स्थिति और भविष्य की चुनौतियों की जानकारी देते हुए नवप्रवेशित साथियों से संगठन को मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन कॉमरेड इब्राहिम खान, मंडल अध्यक्ष ने किया। साथियों के उत्साह और एकजुटता के बीच यह भव्य समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।














